4 अगस्त को होगी एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक, सभी सांसदों को समय पर पहुंचने के निर्देश

0
pm-modi-meeting-3-8-26-320

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ मंगलवार, 4 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में भाजपा संसदीय दल की ओर से सभी सांसदों को आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है।

जारी पत्र के अनुसार, एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक सुबह 9:30 बजे संसद भवन ग्रंथालय स्थित जी.एम.सी. बालायोगी सभागार में आयोजित होगी। गठबंधन के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों से निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।

‘मंगल मिलन’ बना नई पहचान

संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान एनडीए संसदीय दल की बैठक परंपरागत रूप से हर मंगलवार को आयोजित होती रही है। इस बार इन बैठकों को नया नाम ‘मंगल मिलन’ दिया गया है। गठबंधन का कहना है कि इस नाम के माध्यम से नियमित संसदीय बैठकों को एक सांस्कृतिक और संगठनात्मक पहचान देने का प्रयास किया गया है। इस श्रृंखला की पहली बैठक 21 जुलाई को आयोजित की गई थी।

पिछली बैठक में नए सांसद भी हुए थे शामिल

28 जुलाई को आयोजित ‘मंगल मिलन’ बैठक में पहली बार एनसीपीआई के सांसद शामिल हुए थे। इनमें काकोली घोष, शताब्दी रॉय और सायनी घोष प्रमुख थीं, जो पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी रही थीं।

सांसदों ने बैठक को बताया उपयोगी

बैठक के बाद सांसदों ने इसे सकारात्मक और ज्ञानवर्धक बताया था। काकोली घोष ने कहा था कि 2014 से पहले उन्होंने इस तरह की बैठकें नहीं देखी थीं और एनडीए का हिस्सा बनकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सभी सांसद मिलकर काम कर रहे हैं।

वहीं शताब्दी रॉय ने बैठक की सराहना करते हुए कहा था कि इसे बेहद व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया गया। बैठक में संसद में पेश होने वाले विधेयकों, सरकार के विजन और विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

सायनी घोष ने भी बैठक को उपयोगी बताते हुए कहा था कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री और अन्य वरिष्ठ मंत्री उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि बैठक में ब्लू इकोनॉमी सहित कई महत्वपूर्ण आर्थिक और नीतिगत विषयों पर विस्तार से प्रस्तुति दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed